क्षेत्र के बढुआगोदाम स्थित विद्युत उपकेंद्र में तकनीकी खामी तथा लो वोल्टेज की समस्या से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। बिजली रहने पर पंखा नहीं चल पा रहा है। इससे जहां लोगों को एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा है। वहीं तीनों फेस में समान वोल्टेज न होने से नलकूप भी शो पीस बने हुए हैं। इसके चलते खेती किसानी पर संकट गहराने लगा है।
विद्युत उपकेंद्र कोटवां से क्षेत्र के कहिनौर, कुशमौर, पहाड़पुर, महलीपुर, उस्मानपुर, खरगजेपुर, भार, ओन्हाइच, बबुआपुर, रैकवारेडीह, पिपरीडीह, हासपुर, मंसड़ी, सुवराबोझ, पतिला, ताजपुर, मठिया, सिंहाव सहित विभिन्न गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। हफ्तों से लो वोल्टेज रहने के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। कम बिजली मिलने से मोटर नहीं चल पा रहा है। जबर्दस्ती चलाने पर स्टार्टर, मोटर व अन्य विद्युत उपकरण जल जा रहा है। इससे कृषि कार्य पर असर पड़ रहा है। वहीं बिजली रहने पर भी बल्व टिमटिमाता रहता है। अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। इस संबंध में क्षेत्र के किसान ओपी सिंह, सर्वजीत यादव, रजापत प्रजापति, हीरा राम, संजय सिंह, नीरज सिंह, राधेश्याम पांडेय, प्रमोद खरवार का कहना है कि इस समय धान की फसल में रेड़ा आने को है। ऐसे में फसल की सिंचाई की सख्त जरूरत है। लो वोल्टेज के चलते नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। आश्वासन के सिवाय कुछ नही मिला। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र कोटवां के अवर अभियंता विकास दुबे का कहना है कि ओवरलोड के चलते समस्या आ रही है। अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा गया है।