मऊ। जिले में शुक्रवार रात आई तेज हवा के चलते शहर समेत गांवों की बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो गई। नगर में जहां कई ट्रांसफार्मर भी बैठ गए, वहीं कोपागंज में मेन लाइन टूटने के चलते पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। इससे कोपागंज ब्लाक के सैकड़ों गांवों में बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी दिन भर बिजली लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
शुक्रवार की शाम 7 बजे तेज हवाओं के साथ मौसम में, जिसके चलते बिजली आपूर्ति काट दी गई। आंधी-बारिश थमने के बाद बिजली व्यवस्था ऐसी चरमराई कि नगर के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले, सहादतपुरा, भीटी सहित कई क्षेत्र अंधेरे में डूब गए। जबकि कोपागंज में 132 सबकेंद्र जमालपुर सेमरी आने वाली मेन लाइन टूटने से कोपागंज कस्बे सहित ब्लाक के 200 गांवों में 8 बजे से आपूर्ति ठप रही। दूसरे दिन शनिवार को सुबह से ही लोग बिजली पानी के लिए हलाकान रहे। पिछले 24 घंटे से बिजली गुल होने के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जहां अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी, वहीं सुबह पेयजल समस्या से जूझना पड़ा।
उधर, बिजली अधिकारियों के मोबाइल नंबर पर बात करना आसान नहीं हुआ, क्योंकि उपभोक्ताओं के सवालों से तंग आकर जेई समेत विभागीय अधिकारियों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए। शनिवार की शाम तक शहर में बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी थी। इस बावत अधिशासी अभियंता सेकेंड राम सिंह का कहना हैं कि टूटे तार का मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
10 घंटे बाद शुरू हुई बिजली आपूर्ति
रानीपुर। ब्लाक के बख्तावरगंज विद्युत उपकेंद्र में शुक्रवार की दोपहर 12 बजे तकनीकि फाल्ट होने से दोपहर से रानीपुर बाजार सहित रैनी, कासिमपुर, खुरहट, अमारी, सनेगपुर, भूपतनगर, अमरहट, बैजापुर, सहित 50 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप थी। जहां अवर अभियंता विवेक खरवार ने बताया कि देर रात करीब 10 बजे फाल्ट को सुधार कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया है।