मऊ। फसल ऋण मोचन योजना, एनपीए समाधान योजना के प्रगति की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आायोजित की गई। इस दौरान समीक्षा के बाद डीएम ने सभी को आवश्यक आदेश जारी किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने सभी बैंक प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिया कि फसल ऋण मोचन से संबंधित जो भी मामले लंबित हैं उन्हे तत्काल पूर्ण करा लें। यह योजना मुख्यमंत्री के प्राथमिकताओं में से है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधकों को निर्देश दिया कि शौचालय का पैसा या राज्य वित्त एवं 14वें वित्त का पैसा ग्राम स्तर पर देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। कहा कि फसल ऋण मोचन योजना में ज्यादातर पात्रों के फीडिंग में नाम पता आदि गलत हो जा रहा है जिनके कारण उनकी पात्रता रद्द कर दी जा रही है। उसपर विशेष ध्यान दें। रूपे कार्ड वितरण योजना में ज्यादा से ज्यादा किसानों को वितरण किया जाना है। इस योजना पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, सभी तहसीलदार सहित सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित रहे।