कोपागंज। तमाम सख्ती के बाद भी मिटटी खनन को लेकर स्थानीय पुलिस काफी सकते में है। मंगलवार को खनन के विरूद्ध चलाए गए अभियान में प्रभारी निरीक्षक ने एक जेसीबी और एक मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ संबंधित धाराओं में सीज कर खनन की रिपोर्ट विभाग को भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन करोबारी परेशान हैं।
कोपागंज थाना क्षेत्र में बिना रायल्टी और परमिशन के बगैर मिटटी खनन का कार्य जारी है। कभी-कभी कारोबारी दिखाने के लिए एक दो ट्रालियों का परमिशन बनवा उसकी आड़ में कई गाड़िया चलाते हैं। अवैध खनन की हो रही शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण द्विवेदी ने अभियान चलाया तो कोपागंज के डाडी से अवैध खनन कर मिटटी लदी जा रही ट्रैक्टर टाली तो जहनियपुर में खनन कर रही जेसीबी मशीन को पकड़ा। पुलिस ने पकड़ी गई दोनों गाड़ियो को संबंधित धाराओ में सीज कर खनन की रिपोर्ट विभाग को भेज दिया है। पुलिस के अभियान से खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर पूरे दिन खनन कारोबारियों ने उक्त पकड़ी गई दोनों गाडियों को छुड़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर थाने का चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने नहीं छोड़ा। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि बिना परमिशन तथा रायल्टी जमा किए कोई पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई तय है।