पिपरीडीह। परदहा ब्लाक के पांच किमी सुवरावोझ -मजखनी मार्ग पिछले दो दशक से मरम्मत कार्य न होने से सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके चलते सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों के अलावा पैदल राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल सड़क के मरम्मत कार्य को लेकर कई बार ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र देने के बाद कोई सुनवाई नहीं हुई।
पिपरीडीह स्थित रेलवे क्रासिंग स्थित सुवराबोझ -मजखनी मार्ग का निर्माण 20 साल पूर्व पीडब्लूडी की ओर से कराया गया था। निर्माण कार्य के कई साल बीतने के बाद भी विभाग की ओर से सड़क का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। सालों से मरम्मत कार्य न होने के चलते सड़क जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क पर जगह जगह गहरे गड्ढ़े बन गए हैं। जबकि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली छात्रो के अलावा गुजरने वाले वाहन चालकों का जहां परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रात के अंधेरे में गड्ढ़ों में फंसकर आए दिन दो पहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे है। इस संबंध में गांव के अशोक राम,मनोज यादव, लव कुमार गुप्ता,हीरा राम मुन्ना राम,रामअवध यादव,सुग्रीव राम,विजय प्रकाश का कहना है कि कई सालों से सड़क बदहाल पड़ा हुआ है, जिसके मरम्मत कार्य को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के निस्तारण की मांग कर चुके है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा सका।