मऊ। शासन के निर्देश के क्रम में कृषि विभाग के योजनाओं की हकीकत जानने के लिए आजमगढ़ मंडल के टास्क फोर्स अधिकारी अपर कृषि निदेशक प्रसार मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी ने कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के लाड़नपुर में चौपाल लगाकर शनिवार को योजनाओ का सत्यापन किया। प्रगतिशील किसान आशीष राय के खेत में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत गेंहू के क्लस्टर प्रदर्शन का सत्यापन किया। इस दौरान फसल काफी अच्छी होने के कारण प्रशंसा की। इसके पश्चात मृदा स्वास्थ्य कार्ड का सत्यापन भी किया।जिसमें क्षेत्र के 12 किसानों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड का सत्यापन किया। ढेकवारा गांव में आत्मा योजना अंतर्गत फार्म स्कूल का भी सत्यापन किया।इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक मंडल आजमगढ़ सुरेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक एसपी श्रीवास्तव, भूमि संरक्षण अधिकारी राम किशोर, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार आदि उपस्थित रहे।