मऊ। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा में 147 सीटों के लिए 1232 आवेदन आए हैं। बेसिक और माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। परीक्षा नौ नवंबर को प्रस्तावित है, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने की तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। दो परीक्षा केंद्रों के निर्धारण करने की प्रक्रिया चल रही है।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और बेसिक शिक्षा विभाग के 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं इस छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करते हैं, जिन्होंने कक्षा सात की परीक्षा न्यूनतम 55 अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो और जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख से अधिक न हो। वह इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षण और शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण के तहत 90-90 प्रश्न पूछे जाएंगे। शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण के तहत 35 प्रश्न विज्ञान से, 35 प्रश्न सामाजिक विज्ञान से और 20 गणित से होंगे। छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को एक हजार रुपये मासिक और 12 हजार हजार रुपये वार्षिक की छात्रवृत्ति कक्षा नौ से 12वीं कक्षा तक दी जाती है। परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा।
कोट
आवेदन करने के बाद छात्रों को परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेष फोकस किया जा रहा है।
गौतम प्रसाद,जिला विद्यालय निरीक्षक