मऊ। त्रिनेत्र ग्रामीण महिला विकास एवं प्रशिक्षण संस्थान विलासपुर के तत्वावधान में भोजपुरी भाषा के विकास कार्यक्रम के तहत राजीव गांधी महिला पीजी कालेज, परदहां के सभागार मेें कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि बीईओ रमेश सिंह ने कहा कि भोजपुरी भाषा एक समृद्ध भाषा है। प्रत्येक संस्कार के लिए प्रत्येक अवसर के लिए अलग-अलग गीत बने हैं। इस तरह का उदाहरण किसी अन्य भाषा में नहीं मिलता है। भोजपुरी बोलने में इस क्षेत्र के लोग हिचक को दूर करें । ज्ञान के लिए अन्य भाषाओं का अध्ययन भी जरूरी है। किंतु भोजपुरी भाषा को समृद्ध करने के साथ-साथ अश्लीलता को दूर करने की आवश्यकता है। पूर्वांचल के मातृ भाषा के रूप में बोली जाने वाली भोजपुरी भाषा जो लुप्त होती जा रही है, इसे सहेजने की आवश्यकता है। कार्यक्रम को नेहरू युवा केन्द्र के लेखाकार सुबाष चंद्र प्रसाद, ओमप्रकाश शुक्ला, सोनिया सिंह आदि ने संबोधित किया। संस्था के सचिव संतारा सिंह ने आभार जताया।