महिला बाल कल्याण विभाग की ओर से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी जागरुकता रैली निकाली। रैली को जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष द्विवेदी तथा नगरपालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने संयुक्त रुप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर के सोनीधापा इंटर कालेज से रैली निकली। रैली में शामिल बच्चे बैनर तथा तख्तियों पर लिखे बेटी बचाओ बेटी पढ़ओ, बेटी घर की शान है देश की अभिमान है आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज ने बताया कि हमारे देश में बेटियों की संख्या निरंतर घटती जा रही है। जिसको लेकर भारत सरकार बहुत चिंतित है। निरंतर लड़कियों की घटती जनसंख्या को बचाने के लिए महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ का अभियान प्रारंभ किया है। 2001 के आंकड़ों के हिसाब से मऊ की जनसंख्या प्रति 1000 लड़कों पर 946 लड़कियों की संख्या पाई गई है। 2011 में लिंगानुपात के अनुसार मऊ के बेटियों की जनसंख्या 1000 लड़कों पर 926 पाया गया है जो अत्याधिक चिंताजनक है।
इसके पूर्व जिलाधिकारी ने कन्या भ्रूण हत्या विरोध करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक केसी भारती, शिव कुमार राम, विनीता पांडेय, विजय नाराण पांडेय, शशि प्रकाश राय आदि शामिल रहे।