रानीपुर। ब्लाक मुख्यालय स्थित जनता पीजी कालेज के छात्र संघ चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच होगा। तीन पदों के छह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कालेज के 498 मतदाता करेंगे। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्याशी तथा समर्थक अपने पक्ष में करने के लिए डोर-टू डोर प्रचार करने में जुटे रहे। ब्लाक मुख्यालय स्थित जनता पीजी कालेज के छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को कालेज पर दिनभर चुनाव की तैयारी को लेकर कालेज प्रशासन तैयारी को अंतिम रुप देने में लगा रहा। शुकवार को छात्र संघ चुनाव में कालेज के 498 छात्र मतदाता तीन पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री पद के कुल छह प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। जबकि सयुक्त मंत्री पद का एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण उसका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी छात्रसंघ डॉ. रामप्रवेश सिंह ने बताया कि मतदान के लिए तीन बूथ बनाया गया है।बीए प्रथम वर्ष के छात्र बूथ संख्या एक हाल में मतदान करेंगे। बीए द्वितीय वर्ष और एमए द्वितीय वर्ष के छात्र कमरा नंबर दो में मतदान करेंगे। जबकि बीए तृतीय वर्ष तथा एमए प्रथम वर्ष के छात्र कमरा नंबर तीन में मतदान करेंगे।मतदान पूर्वाह्न नौ बजे शुरू होगा जो अपराह्न एक बजे तक चलेगा।सुरक्षा के दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की गई है।