रतनपुरा। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक इकाई के तत्वावधान में ग्राम प्रधानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी आरके वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह सिंह ने कहा कि राज्य वित्त तथा 14वां वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराया जाना है। नई गाइड लाइन जारी करने से विकास कार्य में तमाम बाधाएं आ रही है। प्रस्तावित कार्यों के लिए बजट को खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रति हस्ताक्षरित करने के उपरांत ग्राम प्रधान तथा सचिव द्वारा निर्गत चेक के भुगतान के लिए भेजने के लिए जो आदेश जारी किया गया है, गाइड लाइन के खिलाफ है। ग्राम पंचायत द्वारा स्वीकृत कार्यों की वर्क आईडी सृजित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को यूजर आईडी और पासवर्ड शासन द्वारा प्रदान किया गया है। ऐसी स्थिति में सभी वर्क आईडी को खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रति हस्ताक्षरित कर बैंक को भेजे जाने से संबंधित आदेश के माध्यम से ग्राम प्रधानों के खिलाफ साजिश रची जा रही है। ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नए आदेश को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर दिग्विजय यादव, श्रीराम सिंह यादव, पवन सिंह, रंजना सिंह, सुभाष सिंह, अशोक चौहान, चंद्रजीत राजभर, रुदल यादव, लल्लन प्रजापति, मलिकार सिंह, गायत्री सिंह, प्रवीण कुमार, रामायण राजभर, शिवजी सिंह, संगीता मौर्य, बृज बिहारी यादव, परमा यादव, सुनील कुमार सिंह, मुन्ना यादव, पुरुषोत्तम प्रजापति, मलाई यादव, संगम राजभर सहित भारी संख्या में ग्राम प्रधान शामिल रहे।