घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला ग्राम पंचायत के अकटहवा दलित बस्ती निवासी कृपाल की हत्या में नामजद आरोपी पप्पू , बेलास पुत्र गण नाथा तथा इंद्रदेव पुत्र तपसी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उसी गांव के पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसी बस्ती के रहने वाले नामजद आरोपी संतोष और कौशल अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। बता दें कि अकटहा दलित बस्ती निवासी कृपाल की हत्या करके हत्यारों ने शव निकट के शांतानंद स्वतंत्र इंटर कालेज के परिसर में फेंक दिया था। हत्यारोपियों ने उसके चेहरे को कुचल दिया था। ताकि शव की शिनाख्त न की जा सकें। शव के पास खून से सना डंडा और सरिया फेंका मिला था। घटना से आक्रोशित दलित बस्ती के पुरुषों और महिलाओं ने अमिला- आजमगढ़ मार्ग पर इंटर कालेज के सामने जाम लगाकर हत्यारों की गिरफ्तारी और मृतक के वारिसों को पर्याप्त मुआवजा देने के साथ कोतवाल को हटाने की मांग करने लगे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव को परिजनों को सौंप दिया। सोमवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने बस्ती के ही पांच युवकों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार अदालत में चालान कर दिया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।