कलेक्ट्रेट में मतगणना के लिए की गई बैरिकेडिंग का लगभग पूरा हुआ।
विधानसभा चुनाव की मतगणना 11 मार्च को होनी है। प्रशासन ने मतदान समाप्ति के बाद मतगणना को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट के भूतल एवं प्रथम तल के हाल में चारों विधानसभा सीटों की मतगणना होगी। इसके लिए बैरिकेडिंग का भी काम शुरू हो गया है। चारों विधानसभा की अलग-अलग बैरिकेडिंग हो रही है ताकि कोई भी व्यक्ति एक दूसरे की विधानसभा में न जाने पाए।
मतगणना की तैयारी को लेकर प्रशासन ने अपना पूरा खाका तैयार कर लिया है। कलेक्ट्रेट के भूतल हाल में उत्तरी तरफ मधुबन एवं दक्षिणी तरफ मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा की मतगणना होगी। वहीं प्रथम तल पर उत्तरी तरफ घोसी एवं दक्षिणी तरफ सदर विधानसभा की मतगणना होगी। हर विधानसभा में 12 टेबल बनाए जाएंगे।
अर्थात एक साथ 12 बूथों की मतगणना होगी। यही क्रम हर विधानसभा में चलेगा। हर काउंटर पर एक पर्यवेक्षक, एक गणना कर्मी एवं एक माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है। इसके अलावा हर विधानसभा में एक आरओ को लगाया जाएगा। यहीं से मतगणना का रिजल्ट प्रसारित होगा। उप जिलानिर्वाचन अधिकारी शिवकुमार वर्मा का कहना है कि मतगणना को लेकर तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। मंगलवार को प्रशिक्षण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।