मऊ। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होने पर सैंपलिंग की संख्या बढा दी गई। शुक्रवार को जिले में हॉट स्पॉट क्षेत्रों के साथ अन्य स्थानों से कुल 128 लोगों की सैंपलिंग की गई। शुक्रवार को आई 117 रिपोर्ट निगेटिव है। यह जानकारी शुक्रवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने दी। बताया कि रानीपुर ब्लाक के पलिया गांव के रहने वाले 13 लोगों को डा. भीमराव आंबेडकर कालेज में क्वारंटीन किया गया था। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सभी निगेटिव रहे। उस गांव के तीन अन्य संदिग्धों की सैंपलिंग की गई। बताया कि हॉट स्पॉट बने डुमराव गांव में जांच के लिए चार टीमों को लगाया गया था। 87 मकानों में कुल 596 लोगों की जांच की गई। कांटेक्ट ट्रैकिंग व अन्य 41 लोगों की सैंपलिंग कराई गई। इसमें सात संदिग्ध है। गांव के प्रधान और प्रधानपति की भी सैंपलिंग कराई गई है। इसीक्रम में रानीपुर ब्लाक के पलिया गांव में दस टीमों के जरिए 704 घरों में रहने वाले 4228 लोगों की जांच के साथ तीन की सैंपलिंग की गई। इसीक्रम में फतेहपुर मंडाव ब्लाक के स्थानीय गांव में 11 टीमों के जरिए 385 घरों में रहने वाले करीब 2491 लोगों की जांच आज की गई है। डीएम ने बताया कि यह गांव बड़ा है यहां कुल 1363 घरों में करीब 7090 लोग रहते है। यहां कोई संदिग्ध नहीं मिला। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने लीड बैंक की एनुअल क्रेडिट प्लान डायरी का विमोचन किया। इसमें कृषि को बढावा देने के लिए बैंकों की तरफ से दिए जाने वाले ऋणों का विवरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहाकि सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन न किए जाने पर अपने जिले में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शुरु में की गई कड़ाई का परिणाम है कि अभी जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या थमी है। बोले इसी समस्या को देखते हुए वो अधिकांश दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दे रहें।