मऊ। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले की तरफ से गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। कार्यकर्ताओं ने गरीबों और दलितों पर पुलिस द्वारा बरपाए जा रहे कहर को खत्म करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव बसंत कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की पुलिस दलितों और गरीबों की सुरक्षा करने की बजाय दबंगों के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण दोहरीघाट थाने के ठाकुर गांव में दलित परिवार पर हुआ अत्याचार है। मनबढ़ पुलिस के सहयोग से दलित की जमीन पर कब्जा कर लिए। साथ ही मारपीटकर दलित को घायल कर दिए। दलित की कोई सुनवाई नहीं हुई। दूसरी तरफ दोहरीघाट थाने की पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है। बसंत ने कहा कि भाकपा पीड़ित परिवार को बचाने और न्याय दिलाने तक संघर्ष कर आंदोलन करेगी। धरना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। धरने में मुख्य रूप से विनोद सिंह, रामनवन सिंह, शिवमूरत गुप्ता, कल्पनाथ, ओमप्रकाश, रामशब्द राम, अखिलानंद पांडेय, रजई राम, रामकेश, कोमल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।