मझवारा। मधुबन ब्लाक क्षेत्र के मझवारा -भीमपुरा मानिकपुर मार्ग कई सालों से मरम्मत न कराए जाने से बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। विभाग की उपेक्षा के चलते मार्ग जगह जगह से टूटकर क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इसके चलते मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के अलावा राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंप चुके हैं। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि 20 किमी लंबे मझवारा -भीमपुरा मानिकपुर मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग की तरफ से दो दशक पूर्व कराया गया था। निर्माण कार्य के कई साल बीतने के बाद भी विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। निर्माण कार्य के बाद एक बार भी मरम्मत न होने से सड़क जगह जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसके चलते सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अल्लाउद्दीन, असलम, नेशार अहमद, प्रधान नरेंद्र चौहान आदि लोगों ने गड्ढायुक्त सड़क को ठीक कराने की मांग को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र लिखकर अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।