मऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए गए डाटा के भौतिक सत्यापन में व्यापक पैमाने पर अनियमितता मिली हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. वीपी सिंह के भौतिक सत्यापन में लगभग 250 वित्तविहीन विद्यालयों ने दूरी, सीसीटीवी, कमरे सहित कई सूचनाएं गलत अपलोड करना मिला। विभाग को 24 आपत्तियां मिली हैं। विभागीय अधिकारी आनलाइन डाटा को संशोधित करने में लगे हैं।
जिले में 14 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त सहित 416 वित्तविहीन विद्यालय हैं। सभी विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा केंद्र बनने की होड़ लगी रहती है। मानक पूरा न होने के बाद भी कई विद्यालय परीक्षा केंद्र बनने में सफल हो जाते हैं। इससे बोर्ड परीक्षा में जमकर अराजकता होती है। इससे छुटकारा पाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद इस बार आनलाइन परीक्षा केंद्र निर्धारित करने की तैयारी में है। सभी माध्यमिक विद्यालयों को अपना डाटा माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद बोर्ड ने डाटा का भौतिक सत्यापन करने का फरमान जारी किया था। विभाग की तरफ से कराए गए भौतिक सत्यापन में व्यापक पैमाने पर अनयमितता मिली। लगभग 250 विद्यालयों द्वारा अपलोड किए गए डाटा में दूरी, सीसीटीवी, कमरों की संख्या आदि में भिन्न पाया गया।
सूत्रों की मानें तो कालेज संचालकों को दूरी पकड़ में न आने का विश्वास था, लेकिन बोर्ड ने मोबाइल एप की मदद से दूरी आदि की सूचना एकत्र कर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दिया।बोर्ड द्वारा विद्यालय प्रशासन से 25 सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। विभाग को 24 आपत्तियां मिली है।
इनसेट
माध्यमिक विद्यालयों द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड डाटा का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही भौतिक सत्यापन के अनुसार डाटा को संशोधित कर दिया जाएगा।
डॉ. वीपी सिंह-जिला विद्यालय निरीक्षक