मऊ। डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने शुक्रवार को नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट (एंबुलेंस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेडिकल यूनिट जिले के सदर तहसील, मुहम्मदाबाद, मधुबन तथा घोसी तहसील के सभी गांवों में पहुंचकर लोगों का इलाज करेगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना करते हुए डीएम ने बताया कि जिले में दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा लोगों के इलाज के लिए यह मोबाइल यूनिट का संचालन किया जा रहा है। वहीं सीएमओ डॉ. सतीशंचंद्र सिंह ने कहा कि यह नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट एक मिनी हॉस्पिटल है। जो जिले के विभिन्न शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर मरीजों का नि:शुल्क इलाज करेगी। कहा कि इस नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट में मरीजों के लिए व्हील चेयर, स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सहित बीपी, शुगर जांच आदि सुविधाएं रहेंगी। इसमें टेक्नीशियन फार्मासिस्ट और डाक्टरों की टीम भी है जो मरीजों का उपचार भी करेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीशचंद्र सिंह, डॉ. एम लाल, डॉ. पीके राय आदि मौजूद रहे।