सदर अस्पताल में गैर संचारी बीमारियों का इलाज करने के लिए अलग से एनसीडी (नान कम्यूनिकेबल डिजिज) क्लीनिक खोला गया है। लेकिन पिछले एक साल से यहां फीजियोथेरेपी समेत कई अन्य जांचें सिर्फ इसलिए नहीं हो पा रहीं क्योंकि जांच के लिए लाई गई मशीनें डिब्बों में बंद है। कारण, एनसीडी में जगह का अभाव बताया जा रहा। ऐसे में यहां सिर्फ शुगर और ब्लडप्रेशर की जांच हो रही है। जबकि यहां फिजियो से लेकर लैब तक सुविधा है। वहीं मशीनों का इस्तेमाल न होने से क्लीनिक में तैनात डाक्टर और कर्मचारी मौज कर रहे।
नवंबर 2016 में गैर संचारी बीमारियों की जांच के लिए एनसीडी क्लीनिक जिला अस्पताल के एक बड़े हॉल में खोला गया था। यहां की व्यवस्था को देखने के लिए अस्पताल के एपिडेमियोलॉजिस्ट के रूप में डॉ. आदित्य राय, लैब टैक्नीशियन धर्मेंद्र गिरी, फिजियोथेरेपिस्ट राधेश्याम और एक कांउसलर सहित दो स्टॉफ नर्सो की तैनाती की गई। कुछ माह बाद एनसीडी को एक छोटे से कमरे में शिफ्ट कर दिया गया। इससे पिछले एक साल से फिजियो के लिए आई मशीनें लंबर ट्रैक्सन, सर्वकाइल ट्रैक्शन, शाट वे डायफर्मी तो वहीं लैब के लिए रखी ईसीजी मशीन, इलेक्ट्रानिक आईवी, बायो कैमेस्ट्री एनेलाइजर, सेल कांउटर आदि उसी तरह पैैक पड़ी हुई है। इससे क्लीनिक में आने वाले मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जबकि नियमानुसार जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले हर मरीजों की जांच एनसीडी क्लीनिक में सबसे पहली होनी चाहिए। वहीं मरीजों के न होने और मशीनें बंद होने का बहाना बनाकर तैनात चिकित्सक और कर्मचारी अक्सर क्लीनिक से गायब रहते हैं।
इस बाबत नोडल अधिकारी व डिप्टी सीएमओ डॉ. पीके राय का कहना है जगह की तलाश की जा रही है, जल्द ही सभी मशीनों को चालू करा दिया जाएगा। वहीं चैंबर से गायब रहने वाले कर्मचारियों की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
इन रोगों की होती है जांच
मऊ। एनसीडी क्लीनिक में डायबिटीज, रक्तचाप, कैंसर, मानसिक बीमारी, किडनी रोग, आर्थराइटिस आदि अनेक ऐसी बीमारियां हैं जो गैर संचारी रोग की श्रेणी में आती हैं। सरकार के निर्देश पर इसके लिए अगल से जांच व इलाज की व्यवस्था की गई है। सामान्य ओपीडी की तरह ही यहां भी मरीजों का इलाज किया जाएगा। गौरतलब है कि पहले इन बीमारियों का इलाज सामान्य ओपीडी में हो रहा था। भीड़ से बचाने के साथ इनका इलाज बेहतर तरीके से करने के लिए सरकार द्वारा अलग से एनसीडी क्लीनिक खोला गया है।
इनसेट
फिजिशियन और महिला चिकित्सक की जगह खाली
मऊ। एनसीडी क्लीनिक में मरीजों की जांच के बाद इलाज के लिए फिजिशिएन डॉ. प्रशांत कुमार राय और महिला चिकित्सक के तौर पर डॉ. शालिनी राय की तैनाती हुई थी। लेकिन कई माह से दोनों के स्थानातरण होने पर जगह रिक्त पड़ी हुई है। वर्तमान में मरीजों का उपचार एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. आदित्य राय के भरोसे हो रहा है।