मऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों तथा सदस्यों की बैठक रविवार को रौजा स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर हुई। इसमें जिले में सर्वे के नाम पर मिठाई, खाद, किराना एवं दवा व्यापारियों के उत्पीड़न पर आक्रोश प्रकट किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि तीन दिसंबर को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अधिकारियों की संपत्ति एवं क्रियाकलापों की जांच कराने की मांग की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिला महामंत्री गोपाल कृष्ण बरनवाल ने कहा कि जांच के नाम पर मिठाई, दवा, किराना आदि की दुकानों पर छापा मारकर दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मुख्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री को संगठन की तरफ से लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा। अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आठ दिसंबर को जिले के सभी व्यापारी कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष अजय साहू, जफर अहमद, विपिन बरनवाल, इशरत इकबाल लारी, अखिलेश मद्धेशिया, नरेंद्र सिंह, हसीबुर्रहमान, पूल्लू सर्राफ, संजय गुप्ता, अंसार अहमद आदि उपस्थित रहे।