वलीदपुर (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के देवलमुनि की तपोभूमि देवलास पर चल रहे ऐतिहासिक छ: दिवसीय मेले में शनिवार को डीएम प्रकाश बिंदु और पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह पहुंचे। यहां लोगों ने देवलास को पर्यटक स्थल बनाने की मांग रखी।
जहां दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले देवलास में बने सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद मेले का निरीक्षण किया। साथ ही मेला को सकुशल पूर्वक संपन कराने के लिए दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान मंदिर समिति और मेला समिति के लोगों ने तीर्थ स्थल देवलास को पर्यटक स्थल बनाने की मांग डीएम के समक्ष रखी। जिस पर डीएम ने इस संबंध में आश्वासन देते हुए शासन तक प्रस्ताव भेजने की बात कही। इस मौके पर अजय जायसवाल, संपाती देवी, रामप्रवेश, पिंटू, डॉ. राजकुमार, डॉ. मूरत चंद्रशेखर आदि लोग रहे।