मऊ। नगर पालिका की टीम ने नगर के बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों दुकानदारों से दो किलो पॉलिथीन बरामद की गई। इस पर टीम ने चार दुकानदारों से 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। चेकिंग अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम एवं दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई।
प्रदेश सरकार के आदेश पर नगर पालिका जनता एवं व्यापारियों को लगातार पॉलिथीन पर प्रतिबंध एवं उसका प्रयोग न करने के लिए जागरूक कर रही है। प्रचार अभियान के बीच नगर पालिका की टीम सफाई निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में बाजार में छापेमारी करने पहुंची। टीम में लिपिक रमेश कुमार सहित अन्य पालिकाकर्मी शामिल थे। टीम ने नगर के सदर चौक, रौजा बाजार, भीटी, गाजीपुर तिराहा, फातिमा तिराहा स्थित दुकानों में पॉलिथीन को लेकर चेकिंग की। चेकिंग में 3 किलो पॉलीथिन बरामद करके चार दुकानदारों से चार हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कई स्थानों पर टीम की दुकानदारों से नोकझोंक हुई। रौजा बाजार में चेकिंग के दौरान एक चाट का व्यापारी और एक मक्का बेचने वाले दुकानदार और नगर पालिका की टीम में तीखी नोकझोंक होने के बाद चेकिंग अभियान बीच में ही छोड़कर टीम बैरंग लौटकर कोतवाली पहुंची। जहां बाद में पुलिस के पहुंचने पर दोनों ने दुकानदारों से दो हजार रुपए जुर्माना वसूल किया। निरीक्षक नरेश कुमार का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। पॉलिथीन का प्रयोग प्रतिबंधित है। इसके बारे में दुकानदारों एवं आम जनता को पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
पॉलिथीन का प्रयोग न करने का लिया संकल्प
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक संसाधन केंद्र के प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूलों से शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए लोगों को जागरूक किया। छात्रों ने स्वयं भी संकल्प लिया। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक संसाधन केंद्र के इस स्कूल में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को पालीथिन का प्रयोग बंद करने का संकल्प दिलाया गया। यह रैली कस्बे के मुख्य बाजारों गलियों से होती हुई पुन: विद्यालय परिसर में वापस आई। रैली को खण्ड शिक्षाधिकारी चन्द्रभूषण पाण्डेय ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि संकल्प लें कि न तो हम पॉलिथीन का प्रयोग करेंगे और न ही किसी अन्य को करने देंगे। उन्होंने पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ प्रदूषण से बचने आह्वान किया। इस मौके पर सहायक अध्यापक राजेश कुमार, ओम प्रकाश ओझा, शाहीन फातिमा, धीरेन्द्र शाही, राजेश यादव आदि मौजूद रहे।