मऊ। नगर पालिका द्वारा नगर के वार्ड नंबर नौ में निजामुद्दीनपुरा मुहल्ला स्थित पोखरी की जमीन पर पार्क बनाने की कवायद शुरू हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन के अनुसार पोखरी के अस्तित्व से छेड़छाड़ नहीं होने को ध्यान में रखकर पार्क की कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसमें बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, चारों तरफ पाथवे और एक तालाब में छोटी नाव चलाने की कार्ययोजना है।
वर्तमान में नगर में बच्चों के लिए एक भी पार्क नहीं है, लेकिन जल्द ही नगर पालिका द्वारा पार्क बनावाया जाएगा। वार्ड नौ के निजामुदीनपुरा मोहल्ला में व्हाइट हाऊस के सामने खाली पड़ी करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर शहर का पहला चिल्ड्रेन पार्क बनाने जा रहा है। खाली पड़ी पोखरी की जमीन पर नगर पालिका द्वारा 50 लाख की राशि से पार्क में उन्नत तालाब के साथ चारों ओर पाथवे बनाया जाएगा। वृद्ध लोगों के लिए एक योगा सेंटर और बच्चों के लिए एक चिल्ड्रेन सेक्टर बनाया जाएगा, जिसमें जिसमें झूले लगाए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन को देखते हुए पुरानी पोखरी को साफ सफाई कर तालाब को और गहरा बनाने के साथ उसमें कई प्रकार के फव्वारे आकर्षण लाइटिंग के साथ बनाया जाएगा। पार्क में अपग्रेड तालाब में छोटे बच्चों के लिए छोटी नाव की भी व्यवस्था होगी। नगर पालिका द्वारा वर्तमान में पोखरे की साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
प्रत्येक वर्गों को मिलेगा लाभ
मऊ। निजामुदीनपुरा वार्ड में पार्क बनने से बच्चों के साथ हर वर्गों को इससे लाभ मिलेगा। पार्क में बैठने के लिए हट (झोपड़ी), पाथवे, बच्चों के लिए झूले और भूल-भुलैया भी बनाया जाएगा। जिससे यहां आने वाले शहरवासियों को पूरा मौज मस्ती और सुकून मिल सके।
शहरवासियों को सुविधा
मऊ। नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी ने बताया कि 50 लाख के लागत से बनने वाले इस पार्क में कई नई सुविधाएं उपलब्ध होगी। बच्चों के लिए बोटिंग, वृद्ध नागरिकों के लिए योगा सेंटर भी मौजूद रहेगी।