मऊ। जिले में नियम विरुद्ध चल रहे स्कूली वाहनों का चेकिंग अभियान एआरटीओ विभाग द्वारा चलाया गया। जिसमें 18 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही पांच वाहनों को सीज किया।
शहर में एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल के नेतृत्व में गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें बिना लाइसेंस, बिना परमिट, बिना फिटनेस, ओवरलोड और मानक के अनुरूप न होने पर कई स्कूलों के वाहनों की चेकिंग की गई। जिसमें 18 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही पांच वाहनों को सीज किया गया। वाहनों की चेकिंग के दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा। चेकिंग के दौरान एआरटीओ श्याम लाल ने बताया कि मुख्यालय से निर्देश के बाद आए दिन हो रही स्कूली वाहनों की घटनाओं को रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस स्कूल में स्कूल बस या अन्य वाहन 15 वर्ष से अधिक आयु की हो गई हो उसे तत्काल प्रभाव से स्कूल से हटा दें। ऐसा न होने पर उनको चेकिंग के दौरान सीज किया जाएगा। उन्होंने स्कूल के प्रबंधकों और अभिभावकों से अपील किया कि वे भी बच्चों के स्कूल बसों और अन्य वाहनों को जरुर देखें। बताया कि यह चेकिंग अभियान चार दिनों तक पूरे जिले में चलाया जाएगा।