मऊ। नगर के कासिमपुर पोखरी कंटेनमेंट जोन में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की 11 टीमों ने 281 घरों का सर्वे किया।टीम ने 1797 लोगों का स्वास्य परीक्षण किया। वहीं बड़राव ब्लॉक के भटमीला गांव में दो टीमों ने 39 घरों का सर्वे करते हुए 218 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। नगर के कासिमपुरा पोखरी निवासी व्यक्ति के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद मुहल्ले को हॉटस्पॉट घोषित किया गया था। लेकिन गत दिवस हॉटस्पॉट में एक साथ तीन मरीज मिलने के बाद इसे कंटेनमेंट जोन में तब्दील करते हुए पुन: नए सिरे से सर्वे किया गया।
मंगलवार को अपर सीएमओ डॉ. वकील अली के मॉनिटरिंग में दो पर्यवेक्षक बाला साहेब और कबीर आलम के नेतृत्व में 11 टीमों ने 281 घरों का सर्वे करते हुए 1797 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। सर्वे में कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला। सैंपलिंग में अर्बन कोर्डीनेटर देवेंद्र यादव, सोनू रानी राय, अंकिता दुबे, सुनिता, सिंपा, आसिफ खान, रमेशचंद्र, सदावृक्ष भारदवाज, मो.कबीर आलम, संतोष गुप्ता, प्रवीण यादव, प्रमोद दुबे आदि मौजूद रहे।
39 घरों का सर्वे कर 218 का सर्वे
अमिला। बड़राव सीएचसी प्रभारी डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में हॉटस्पॉट बने भटमीला गांव में दो टीमों ने 39 घरों का सर्वे करते हुए 218 लोगों की जांच की।केंद्र प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सर्वे में कोई व्यक्ति बाहरी नहीं मिला न ही संदिग्ध। कोरोना पॉजीटिव मिले दंपति के घर के आस पास रहने वाले 23 लोगों की सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है।