नगर क्षेत्र के सहादतपुरा मोहल्ले में बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से चलाए जा रहे बिजली चेकिंग अभियान में सोमवार को 101 कनेक्शन चेक किए गए।
जिसमें बिजली चोरी करने पर 11 लोगों के खिलाफ बिजली विभाग के अवर अभियंता सुधीर कुमार ने शहर कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया। 36 हजार रुपया वसूला गया। जबकि बिल के माध्यम से 23150 रुपये जमा कराया गया।
सहादतपुरा क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिक्षण अभियंता इंजीनियर बीआर यादव के नेतृत्व में बिजली चेकिंग अभियान के तहत लगातार दूसरे दिन सोमवार को चेकिंग के दौरान अफरा तफरी का माहौल रहा।
चेकिंग की जानकारी होने के बाद धड़ाधड़ दुकान के शटर गिरने लगे। पूरे बाजार में बंदी सा माहौल हो गया। सहादतपुरा बाजार और अलीबिल्डिंग में पूरा सन्नाटा रहा। बिजली विभाग के अधिकारी पुलिस की मौजूदगी में सहादतपुरा में 101 कनेक्शनों को चेक किया।
जिसमें 65 वैध कनेक्शन पाए गए। 10 लोगों का मौके पर ही कनेक्शन में भारवृद्धि की गई। वहीं बिल के माध्यम से 23150 रुपये जमा कराया गया। जबकि समन शुल्क के रुप में 36 हजार रुपये वसूला गया।
इस मौके पर शहर कोतवाल देवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता मीटर इंजीनियर शिवालाल, उपखंड अधिकारी इंजीनियर जितेन्द्र कुमार ,नंदलाल आदि मौजूद रहे।
हलधरपुर संवाददाता के अनुसार अवर अभियंता रतनपुरा राजकुमार ने भी बिजली चोरी के मामले में वीरेंद्र सिंह, प्रभुनाथ एवं अंबिका सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।