जिले में रविवार को नगर के चार अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित जिले के 40 स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। 102 डॉक्टरों की टीम ने 1882 मरीजों का उपचार किया। बेहतर उपचार के लिए 14 मरीजों को जिला अस्पताल तथा सीएचसी रेफर किया गया।
स्वास्थ्य मेले में चिरैयोकोट पीएचसी पर सबसे ज्यादा 199, बगली पिजड़ा में 125, रैनी पीएचसी पर 102 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं गोंठा पीएचसी पर सबसे कम मात्र 14 मरीजों को उपचारित किया गया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी यूसुफ शाह ने बताया कि मेले में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ जांच कर दवा दी। किशोरियों को पौष्टिक आहार के सेवन के साथ साफ सफाई की जानकारी दी गई। बताया कि 102 चिकित्सक के साथ 253 पैरामेडिकल स्टाफ ने मेले में आने वाले 818 पुरुषों और 831 महिलाओं को निशुल्क उपचार का लाभ दिया। जांच और उपचार के दौरान गंभीर पाए जाने वाले 14 मरीजों को दवा देकर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
रानीपुर। विकास खंड क्षेत्र के खुरहट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में आए हुए 59 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. कमलेश गुप्ता, डॉ. राजेश कुमार, फार्मासिस्ट जीतेंद्र कुमार भारती, विकास मौर्या, रामशकल यादव आदि मौजूद रहे।
चिरैयाकोट। पीएचसी चिरैयाकोट पर प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र त्रिपाठी के देख रेख में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में श्वांस, गुर्दा, पेट, खासी, बुखार, चर्म रोग, आंख, शुगर, दमा, कुष्ठ रोग सहित मौसमी बीमारियों से ग्रसित कुल 199 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें 80 पुरुषों, 105 महिलाओं और 14 बच्चों की जांच की गई और उन्हें दवाइयां दी गईं। मेले में डॉ. फिरोज खान, फैजहुदा खान, अभिषेक गुप्ता, प्रमोद कुमार, कमर अली खान, अखिलेश कुमार, मनीष सिंह, रामदरस यादव आदि लोग उपस्थित रहे।