मऊ। गाजीपुर तिराहा स्थित राजकीय आईटीआई कॉलेज प्रांगण में मंगलवार को आयोजित रोजगार मेले में 208 बेरोजगारों को रोजगार मिला है। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्र की पांच कपंनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर प्रतिभागियों का चयन किया। चयनित बेरोजगारों को नियुक्ति पत्र मुख्य अतिथि सासंद हरिनारायण राजभर ने दिया।
आईटीआई कॉलेज प्रागंण में सेवा योजना कार्यालय, कौशल विकास मिशन तथा राजकीय आईटीआई कॉलेज के संयुक्त तत्वाधन में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में शिवशक्ति बायोटेक्नोलॉजी लिमिटेड, वर्धमान यार्ड एंड थ्रेड लिमिटेड, विनुथना फर्टीलाइजर एक्वा प्रा.लि. जयाशक्ति बायोटेक प्रा.लि. एक्वा हेल्थकेयर, ओम हिमालया एग्रोटेक प्रा.लि. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस रोजगार मेले में 611 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया, जहां साक्षात्कार के बाद 208 युवाओं का चयन किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सासंद हरिनारायण राजभर ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया, साथ ही असफल हुए अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते ह़ुए कहा कि निरंतर परिश्रम करें। सफलता जरूर मिलेगी। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट बी प्रसाद, जिला सेवायोजन अधिकारी वकील अहमद अंसारी, आईटीआई कॉलेज प्रधानाचार्य भूपेंद्र पाल, एमआर प्रजापति, आशुतोष पांडेय, गोपाल दुबे, वीर प्रकाश, संजय सोनकर, एकबाल अहमद, सुरेंद्र पांडेय, अखिलेश सिंह, नागेंद्र सिंह, कुशाग्र सिंह आदि मौजूद रहे।