मऊ। दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा में 11 अप्रैल को हुए पांच लाख की छिनैती मामले का सीओ सिटी ने गुरुवार को थाने में खुलासा किया। इस दौरान सीओ नगर राजकुमार ने बताया कि छिनैती की घटना को कटिहार गैंग के सदस्यों ने अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने गैंग के सदस्य चंदन सिंह को गिरफ्तार किया है।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सीओ सिटी राजकुमार ने बताया कि दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा के पास आईसीआईसी बैंक से पांच लाख रुपये निकाल कर जाते समय एक व्यक्ति से 11 अप्रैल को छिनैती की घटना को लुटेरों ने अंजाम दिया था। जिसके बाद पुलिस इस मामले का पर्दाफाश करने में जुट गई। उन्होंने बताया कि इस छिनैती में शामिल कटिहार गैंग के सदस्य और पांच लाख की छिनैती में शामिल चंदन कुमार सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी परमानंदपुर थाना कोड़ा जिला कटिहार बिहार को दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के अस्तुपुरा मोड़ से 18 अप्रैल का पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके दो अन्य सदस्य रामकुमार यादव पुत्र बूटन यादव और राहुल यादव पुत्र लोहरे यादव निवासी कीचटटोला जुराबगंज थाना कोढ़ा जनपद कटिहार भाग निकले। सीओ ने बताया कि पुलिस ने चंदन सिंह के पास से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल और 890 रुपये बरामद हुआ है। सीओ सिटी राजकुमार ने बताया कि कटिहार गैंग बैंकों और आसपास से लोगों को अपना निशाना बनाते थे। इसी तरह से उन्होंने पांच लाख की छिनैती की थी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करने पर पुलिस टीम को पांच हजार नगद रुपये से पुरस्कृत किया।