बोझी बाजार। बड़रांव ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को हुए उप चुनाव में निर्दल प्रत्याशी विमला यादव 52 वोट पाकर विजई घोषित की गईं । वहीं उनकी एक मात्र प्रतिद्वंद्वी भाजपा की उम्मीदवार गीता सिंह पटेल को महज 38 वोट से ही संतोष करना पड़ा। एक क्षेत्र पंचायत सदस्य का वोट अवैध घोषित हो गया। ऐसे में अपनी बहू को ब्लाक प्रमुख बनाने में पूर्व ब्लाक प्रमुख विद्युत प्रकाश यादव एक बार और सफल हो गए।
वर्ष 2015 में ब्लाक प्रमुख चुनाव जीतने वाली गीता पटेल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पारित हो जाने के बाद ब्लाक प्रमुख पद के लिए उपचुनाव हुआ। इस पद के लिए सपा नेता विद्युत प्रकाश यादव ने अपने भतीजे की पत्नी विमला यादव को उम्मीदवार बनाया था। इनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव में कुर्सी गंवाने वाली गीता सिंह पटेल भी चुनाव मैदान में आ गईं। गीता पटेल भाजपा के डॉ. एचएन सिंह पटेल की बहू हैं। एक और उम्मीदवार चुनाव मैदान में थीं लेकिन गुरुवार को उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। प्रतिष्ठापरक चुनाव में बाजी फिर एक बार विद्युत प्रकाश के पाले में आ गई और उनकी बहू विमला यादव 52 मत पाकर विजई घोषित की गईं। उनकी प्रतिद्वंदी गीता सिंह पटेल को मात्र 38 वोट मिले। एक मत अवैध घोषित कर दिया गया। विमला की जीत के बाद विद्युत प्रकाश यादव के समर्थकों में उत्साह देखने लायक रहा। ब्लाक मुख्यालय पर होली जैसा जश्न का माहौल रहा।