पिपरीडीह(मऊ)। पिपरीडीह बाजार में बिजली सप्लाई के लिए लगा एलटी लाइन जर्जर होने से शनिवार की सुबह टूटकर गिर गया। तार टूटने से पूरे बाजार में बिजली सप्लाई ठप हो गई। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने टूटे तार को लेकर मेन बाजार में बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। शनिवार को जर्जर एलटी तार के टूटने के 36 घंटे बाद रविवार की शाम सात बजे के करीब बिजली कर्मचारियों ने एक घंटे तक मेटेंनेंस कार्य करते हुए टूटे तार की जगह नए तार लगाकर सप्लाई शुरू कर दी। क्षेत्रवासी रमेश मदेशिया, छोटे बरनवाल, हीरा प्रजापति और नीबू प्रसाद समेत दूसरे लोगों ने बताया कि बाजार में बिछे एलटी लाइन का कई सालों से मरम्मत न होने से तार जर्जर हो चुके है। जिसको लेकर उन लोगों द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार आवेदन देकर अवगत करा चुके थे। लेकिन विभाग द्ववारा उनकी बातों पर कभी ध्यान नहीं दिया गया। वहीं इस संबंध में क्षेत्र के अपर अभियंता विकास दुबे ने बताया कि तार टूटने की सूचना मिलने पर देर शाम मेटेनेंस कार्य कर जर्जर तार को बदल दिया गया। वहीं जर्जर तारों को बदलने को लेकर विचार किया जा रहा है।