मुहम्मदाबाद गोहना। हिन्दू धर्म से जूडे़ बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी, आरएसएस और गो रक्षको पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने से नाराज हिंदू युवा वाहिनी के मुहम्मदाबाद गोहना नगर शाखा इकाई के सह प्रभारी ने पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिया। प्रार्थना पत्र में आरोपी के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।
हियुवा के सह प्रभारी मनोज गुप्ता ओम ने पुलिस को दी गई तहरीर में जिला मुख्यालय निवासी एक युवक को आरोपित किया है। साथ ही बताया गया है कि युवक ने हिंदू धर्म के खिलाफ अनावश्यक टिप्पणी करते हुए, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और एक अन्य द्वारा गाय के साथ किए गए किसी विज्ञापन को आधार बनाकर हिन्दू संगठनों पर प्रहार किया है। इस पोस्ट के जरिए जहां सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई है, वहीं इसे माहौल बिगाड़ने की साजिश बताई गई। श्री गुप्ता ने पोस्ट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर तहरीर दिया है।