सरसेना। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की तरफ से लोगों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को चिरैयाकोट थाना परिसर में शिवमंदिर के पास जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें तहसील और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने दूषित खाद्य पदार्थों, पेयजल आदि से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि बाजार में खुले में बिक रही मिठाइयां, चांदी के वर्क लगी मिठाइयों का सेवन न करें। अधिकारियों ने दूकानदारों को सुझाव दिया कि ऐसी मिठाइयां न बेंचें, क्योंकि चांदी वर्क की जगह अब एलुमीनियम के वर्क बाजार में आ चुके हैं। इससे लीवर कैंसर की बीमारी का खतरा बढ़ा जाता है। उन्होंने बताया कि एक अध्ययन से प्रकाश में आया है कि एलुमीनियम के वर्क लगी मिठाइयों के सेवन से अब तक प्रदेश में लगभग 250 लोग काल कवलित हो चुके हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि ज्यादा चमकीले फलों को पानी में नमक और नीबू का घोल बनाकर उसमें अच्छी तरह से धो कर खायें क्योंकि फलों को कार्बाइट या केमिकल से पकाया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना के जयहिंद राम, घोसी के कमलेश्वर प्रसाद, मधुबन की बिंदु देवी, और जिला मुख्यालय रामानंद प्रसाद, पंकज पांडेय, नसीम अहमद, शिवचंद गुप्ता, अब्दुल सत्तार कुरैशी, संजय चौरसिया, रमेश वर्मा, रामशरण यादव, बद्री जायसवाल आदि मौजूद रहे