मऊ। कोतवाली क्षेत्र के एक कपड़ा व्यवसायी सहित कई दूकानों में कुछ बदमाशों ने तमंचे के बल पर तांडव किया। बदमाश डरा- धमकाकर कपड़े, जूते आदि जबरन ले गये। स्कर्पियों सवार बदमाशों के आतंक से सारे व्यापारी सहम गए हैं। इस मामले में सिर्फ एक व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। एक दूकान पर तो बदमाशों का कारनामा सीसी टीवी कैमरे में कैद भी हो गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के स्वदेशी काटन मिल के समीप एक कपड़े की दूकान में रविवार की रात को स्कार्पियों से आए कुछ बदमाश अंदर घुसे। दूकान के अंदर वह अपना तमंचा लहराकर कपड़ा पैक कराए और बिना पैसा दिए ही चले गए। बदमाशों ने इस दौरान व्यापारी को धमकी भी दी गई। इसके अलावा बदमाश कई अन्य दूकानों पर भी गए जहां जूता आदि सामान लेकर बिना पैसे दिए ही चले गए। बदमाशों के यह कारनामा एक दूकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो गया। घटना के बाद बदमाश बढ़ुआ गोदाम की तरफ गए जहां एक बोलेरो का शीशा आदि तोड़कर उसके चालक की भी पिटाई की। डर के मारे व्यापारी सहमे रहे। सोमवार को एक व्यापारी ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। उधर, बोलेरो चालक ने सराय लखंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में सीओ सिटी पंकज सिंह का कहना है कि मामला प्रकाश में आया है। व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और इस पर कार्रवाई की जा रही है।