दोहरीघाट। स्वास्थ्य विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की तरफ से डिपो परिसर में मंगलवार को एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और एचआईवी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकाें ने 100 चालक, परिचालकाें का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही दवा वितरित किया। शिविर का शुभारंभ जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एचआर सोनी ने किया।
रोडवेज चालक, परिचालकों सहित आम लोगों के लिए एचआईवी, क्षय रोग, यौन संचारित रोग, हेपेटाइटिस आदि रोगों से ग्रसित मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने 75 चालक और 25 परिचालकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रभारी एआरएम दोहरीघाट राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में सभी चालक, परिचालकों का स्वास्थ्य सामान्य रहा।
शिविर में फार्मासिस्ट, आईसीटीसी लैब तकनीशियन, परामर्शदाता, एसटीआई परामर्शदाता, नेत्र सहायक आदि की तैनाती की गई थी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एचआर सोनी ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम जनमानस को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।