मऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के तरफ से होली के मद्देनजर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। टीम ने 10 नमूने संग्रहित करते हुए 5.75 लाख रुपये के 10,060 किलोग्राम के विभिन्न खाद्य पदार्थों को सीज किया।
विशेष अभियान के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य), आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ श्रवण कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त सुरेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम ने तहसील सदर के विभिन्न स्थलों पर मिलावट के संदेह में प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।
हबीबपुरा स्थित वेलकम पापड़ी, हसीना बाना के प्रतिष्ठान से बेसन की पापड़ी, मैदे की पापड़ी का नमूना तथा मिलावट की आशंका पर 318 किलोग्राम 26 हजार रुपये की सोनपापड़ी को मौके पर सीज किया।
मिर्जाहादीपुरा स्थित कमाल के प्रतिष्ठान से चायपत्ती के तीन नमूने और मिलावट की आशंका पर 563 किलोग्राम चायपत्ती एक लाख 78 हजार 120 को मौके पर सीज किया गया। प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस अवैध रूप से संचालित पाया गया।
बाईपास रोड सहादतपुरा स्थित सुधीर कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से मटर दाल, ब्रांड सूरजमुखी, बेसन, ब्रांड प्योर गोल्ड का नमूना और मिलावट की आशंका पर 9,179 किलोग्राम मटर दाल, ब्रांड-सूरजमुखी, तीन लाख 71 हजार 749 को मौके पर सीज किया गया।
मिर्जाहादीपुरा स्थित श्री अबू बकर के प्रतिष्ठान से चायपत्ती का नमूना, ब्रम्हस्थान स्थित पवन कुमार के प्रतिष्ठान से बेसन तथा रंगीन कचरी का नमूना। संग्रहित किया गया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सुसंगत धाराओं में विधिक कार्यवाही की जाएगी। जांच दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यराम यादव, अमित कुमार राना, रीता, अजीत कुमार त्रिपाठी और विजय प्रकाश उपस्थित रहे।