चुनाव को देखते हुए पुलिस ने आचार संहिता का पालन कराने के लिए जनपद में वाहन चेकिंग अभियान चला रखा है। जहां पुलिस ने घोसी में एक कार से एक लाख 40 हजार रुपये बरामद कर उन्हें जब्त किए। वहीं कई वाहनों से काली फिल्में उतरवायीं। पुलिस ने ऐसे लोगों को हिदायत दी है कि वह अपनी कारों में काली फिल्म न लगाए। अन्यथा इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
घोसी प्रतिनिधि के अनुसार, नगर से सटे आसान नहर पुलिया से उड़न दस्ता प्रभारी डा. दिग्विजय यादव ने हमराहियों के साथ की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान एक सफारी से एक लाख 40 हजार रुपये बरामद किए। गाड़ी में सवार कुंडाकुचाई निवासी धनंजय सिंह द्वारा उचित कागजात न दिखाए जाने पर पुलिस कार को कोतवाली लाई और रुपयों को जब्त किया। उड़नदस्ता प्रभारी डा. दिग्विजय यादव उपनिरीक्षक अरुण दुबे हमराहियों के साथ मधुबन रोड पर असना पुलिया के पास खड़े थे की घोसी की तरफ से एक सफारी कार आती दिखी। पुलिस ने उसे रोक कर तलाशी ली तो उसमें सवार दो लोगों के पास से एक लाख 40 हजार रुपया बरामद हुआ।इ कार में सवार धनंजय सिंह निवासी कुचाई मधुबन ने बताया कि वह गांव में ही मुर्गी दाना का व्यापार करता है। वह तगादा वसूल कर लौट रहा है। यह रकम उसी तकादे की है। प्रभारी चुनाव उड़नदस्ता डा.डी यादव ने बताया कि बरामद रुपयो के बारे में छानबीन की जा रही है। इस बाबत उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। उपजिलाधिकारी घोसी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बरामद रुपयों को संबंधित टीम को सौंप दिया जाएगा।
उधर, कोतवाली पुलिस ने नगर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। गाजीपुर तिराहा पर चले अभियान में आरपीएसएफ के जवानों के साथ चले अभियान में कई वाहनों से काली फिल्में उतरवाई गईं। इस दौरान वाहन चालकों में अफरा तफरी मची रही।