सोमवार सुबह बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निवासी और मूल रूप से नौहझील के रहने वाले ललित मोहन भारद्वाज अपने भाई हरिदत्त और भतीजे अंश एवं वंश के साथ अर्टिगा गाड़ी से पैतृक गांव नौहझील जा रहे थे। अलवर पुल के पास उनकी गाड़ी को एक कार सवार सुशांत, निशांत और मृत्युंजय ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार सवार छात्रों ने ललित और उनके परिजनों को गाली दी और गाड़ी लेकर भाग निकले।
आरोपी छात्र भागकर जैंत थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित बाबा द ढाबा पर रुक गए। पीछे से पहुंचे ललित और उनके भाई का छात्रों से फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हाथापाई के बीच एक छात्र ने कार से चाकू निकाला और ललित की पीठ पर एक के बाद एक तीन वार कर दिए।
ललित को खून से लथपथ देख हमलावर छात्र मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों सुशांत, उसके भाई निशांत और दोस्त मृत्युंजय को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल ललित को पहले वृंदावन के संयुक्त जिला चिकित्सालय भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि तीनों एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। रिफाइनरी क्षेत्र के राधा टाउन में रहते हैं। इनमें से एक बीटेक और दो डिप्लोमा कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के भाई हरिदत्त की तहरीर के आधार पर जैंत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।