वृंदावन (मथुरा)। मारुति नगर स्थित एक किराए के मकान में रहकर वृंदावनवास कर रहे राजस्थान के एक युवक ने कमरा अंदर से बंद कर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक शत-प्रतिशत जल चुका था।
राजस्थान के श्रीगंगानगर, निवासी सत्यम शर्मा (40) पुत्र संदीप शर्मा परिक्रमा मार्ग मारुति नगर में गोविंद प्रसाद गुप्ता के मकान में किराए पर महेश चंद अग्रवाल के साथ वृंदावनवास कर रहा था। वह यहां रहकर वृंदावन की परिक्रमा लगाना, मंदिरों के दर्शन और भजन पूजन करता था। शनिवार को सत्यम ने कमरे को अंदर से बंद कर स्वयं को आग लगा ली। कमरे के गेट पर अंदर की ओर तख्त अड़ा दिया था, जिससे कोई दरवाजे को खोल न सके। आग लगने की खबर मकान मालिक को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, उसे झुलसी हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतक युवक के साथी महेश ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सत्यम मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह दवा भी खा रहा था। अद्धा पुलिस चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि मृतक किराए के मकान में रहकर पूजा पाठ और परिक्रमा करता था। उसने अपने को कमरे में बंद कर आग लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। घटना के कारण का पता किया जा रहा है।