वृंदावन (मथुरा)। प्रदेश सरकार द्वारा ड्राई क्षेत्र घोषित वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह एक युवक ने शराब के नशे में हंगामा काटा। मंदिर आते-जाते श्रद्धालुओं से गाली-गलौज और अभद्रता की। इस पर लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने दिव्यांग युवक को पकड़ लिया है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
विद्यापीठ चौराहा से बांकेबिहारी मंदिर को जाने वाले मार्ग पर दिल्ली वाली धर्मशाला के पास एक अर्धनग्न दिव्यांग युवक शराब के नशे में पहुंच गया। नशे में धुत युवक ने करीब पौन घंटे तक हंगामा किया। बांकेबिहारी मंदिर से आते-जाते लोगों के कपड़े खींचता और उन्हें गालियां देता तो कभी वह श्रद्धालुओं के हाथ पकड़ कर खींचने की कोशिश करता। बीच सड़क पर बैठकर हंगामा करते युवक को देख आसपास के दुकानदारों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया।
गाली-गलौज करने पर कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ई-रिक्शा में युवक को डालकर अपने साथ ले गई। बांकेबिहारी पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया एक दिव्यांग युवक जिसने सिर्फ नेकर पहना रखा था। शराब पीकर आ गया और शोर मचाने लगा, जिसे पकड़ लिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि यह युवक क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भिक्षावृत्ति करते देखा गया है।