मथुरा। बिल वसूली के लिए तमाम जतन करने के बाद भी बकाया कम नहीं होने से परेशान दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने अब अनोखा तरीका निकाला है। निगम अब बकाया जमा करने के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए 1993 में रिलीज फिल्म रंग का गाना हम तुम पिक्चर देख रहे हों किसी थियेटर के अंदर और बिजली चली जाए...को संपादित कर सुनाएगा। एक मिनट 46 सेकेंड के इस गाने में बिजली बिल जमा न करने पर होने वाली परेशानियों से लोगों को अवगत कराया जाएगा। निगम का उद्देश्य गाने के जरिए उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के प्रति जागरूक करना है और बिजली नहीं होने से आने वाली परेशानियों से रूबरू करवाना है। विद्युत निगम ने वसूली के लिए लगने वाले शिविरों में इस गाने को चलाने के लिए लाउडस्पीकर भी खरीदे हैं। गाने में संदेश दिया गया है कि ...उनकी मर्जी के बिना एक पत्ता हिल नहीं सकता...बिल जमा करने का इससे अच्छा मौका मिल नहीं सकता..नींद आने से पहले इंसान सो नहीं सकता...सरकारी पैसा है भइया जल्दी हजम नहीं हो सकता...भले ही कोई मजबूरी है, लेकिन भइया बिजली जलाया है तो बिल देना जरूरी है, जमा करा दीजिए सरकारी पैसा है, जितना रोकेंगे उतना दिक्कत है..। निगम ने बकाया शिविरों में इस गाने को बजाने के लिए छोटे लाउडस्पीकर खरीदे हैं। अधीक्षण अभियंता (शहरी) मनोज कुमार ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए यह गाना तैयार किया है। इसको शिविरों में सुनाया जाएगा। इससे लोगों को शिविर की तो जानकारी होगी ही वे बकाया जमा करवाने के लिए भी जागरूक होंगे।
मोबाइल की कॉलर ट्यून भी बनेगा
विद्युत निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों के मोबाइल की कॉलर ट्यून पर भी जल्द ही यह गाना सुनाई देगा। जो व्यक्ति विद्युत निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी को फोन करेगा उसे यह गाना सुनाई देगा। निगम के टोल फ्री नंबरों पर भी यह गाना सुनाई देगा।
पौने तीन लाख उपभोक्ताओं पर 700 करोड़ का बकाया
विद्युत निगम के तमाम प्रयासों के बावजूद बकाया बिल का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। निगम के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक जिले भर के पौने तीन लाख उपभोक्ताओं पर करीब 700 करोड़ रुपये बकाया है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में भी दो दिन बचे हैं। ऐसे में विद्युत निगम पर बकाया वसूली का काफी दबाव है। शहरी क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपये बकाया है।