बरसाना। राधा रानी की नगरी में फाल्गुन आने से पहले ही उत्सव भक्ति का रंग और गहराने वाला है। श्रीराधारानी मंदिर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित संदेश की आहट और विशेष आयोजनों की तैयारी ने बरसाना को पहले ही दिव्य महोत्सव के रंग में रंग दिया है। पिछले रंगोत्सव पर मंदिर प्रांगण से देश दुनिया को दी गई शुभकामनाओं की गूंज अभी थमी नहीं है और अब उसी परंपरा के दोहराव की संभावनाओं ने पूरे कस्बे में नया उत्साह भर दिया है।
बरसाना का रंगोत्सव केवल एक पर्व नहीं बल्कि ब्रज की जीवंत परंपरा और आस्था का उत्सव है। जब प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं राधारानी के आंगन से संदेश देते है तो यह क्षण बरसाना ही नहीं पूरे ब्रज के लिए गौरव का विषय बन जाता है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर, रंगीली चौक, परिक्रमा मार्ग और पहाडी पथ को विशेष सजावट और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम श्रीराधारानी मंदिर से ही देश दुनिया को रंगोत्सव की शुभकामनाएं देने का हो सकता है। इसी कारण सुरक्षा, भीड नियंत्रण, प्रवेश निकास और श्रद्धालु सुविधा की व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर तैयार किया जा रहा है, ताकि बरसाना का हर दृश्य अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम बने। सूत्रों की माने तो इस बार लठमार होली के दिन हुरियारों और हुरियारिनों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। इस विशेष योजना पर मंथन चल रहा है। यदि यह आयोजन साकार होता है तो बरसाना की लठमार होली में पहली बार कोई मुख्यमंत्री आकाश से पुष्प वर्षा करते नजर आएंगे।