\परिवार के साथ अनुलोम विलोम प्राणायाम करते हुए रुचि द्विवेदी
- फोटो : MATHURA
मथुरा। एक बार फिर दुनिया 21 जून को विश्व योग दिवस मनाने जा रही है। इस बार यह खास दिन संक्रमण के ऐसे समय मनाया जाएगा, जब मानव जाति पर संकट के बादल छाए हुए हैं। कोरोना वायरस महामारी के रूप में दुनिया भर में हा-हाकार मचा रहा है। ऐसे में योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ और निरोगी बनाते हुए इस संक्रमण से लड़ने का संदेश दिया जा रहा है।
इस संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल अमर उजाला ने की है। इसमें मथुरा जनपद के लोग अपना योग की किसी मुद्रा का फोटो अमर उजाला को मोबाइल नंबर 8630998225 के व्हाट्सएप पर भेज सकते हैं। मंडी रामदास निवासी रुचि द्विवेदी इन दिनों योग को आम लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की मुहिम चलाए हैं। वे परिवार के साथ प्रतिदिन योग करते हुए लोगों को भी प्रशिक्षित करती हैं। वे बताती हैं कि योग के माध्यम से रोग से लड़ने की क्षमता पैदा की जा सकती है।
योग प्रशिक्षक डीसी खंडेलवाल और वंशीधर अग्रवाल भी बताते हैं कि योग को एक बार फिर लोगों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को योग करना होगा। निरोगी रहना है तो योग करना ही होगा। प्रसन्नता सिंह भी योग को जनजन तक पहुंचाने में जुटी हुई हैं। वे इसके अनेक फायदे बताती हैं। कहती हैं कि योग भारतीय संस्कृति का यह हिस्सा हैं और वर्तमान परिस्थितियों में ये बहुत आवश्यक हैं। दिनेश गुडेरा और नीतू गुडेरा नियमित योग कर रहे हैं। वे अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी योग के लिए प्रोत्साहित करते हैं।