शहर का करीब 40 प्रतिशत सीवर को यमुना में गिरने से रोकने वाला मसानी पंपिंग स्टेशन अभी चार दिन और बंद रहेगा। इस दौरान मसानी नाले में आने वाला संपूर्ण गंदा पानी यमुना में सीधे गिरेगा। होली के दौरान ब्रज दर्शन को आने वाले भक्त यमुना की ये दुर्दशा देखेंगे।
यमुना कार्ययोजना के तहत बने अधिकांश एसटीपी और एसपीएस शहर के सीवर और गंदे पानी को यमुना में गिरने से रोकने में लगभग नाकाम रहे हैं। नगर पालिका संचालन की लापरवाही पर हमेशा प्लांटों की कम क्षमता दर्शाकर पर्दा डालती रही है। अफसरों का निरीक्षण इसका उदाहरण हैं।
अब पिछले दो दिन से मसानी पंपिंग स्टेशन का गंदा पानी सीधे यमुना में गिर रहा है। पालिका के सहायक अभियंता केआर सिंह ने अधिशासी अधिकारी को भेजी रिपोर्ट में कहा है कि बंगाली कालोनी में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे मसानी के पंप नहीं चल पाएंगे।
इसकी मरम्मत में अभी चार दिन और लग सकते हैं। जबकि पिछले दो दिन से ये स्थिति बनी हुई है। ऐसी स्थिति में मसानी नाले का पानी सीधे यमुना में गिर रहा है। यह स्थिति ब्रजदर्शन को होली के दौरान आ रहे श्रद्धालुओं के समक्ष कन्हैया की नगरी की छवि को धूमिल करने वाली है।