मथुरा। बलदेव में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-127 पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के शव पुलिस ने बुधवार को परिजन को सौंप दिए हैं। वहीं फतेहपुर के नरेंद्र और हमीरपुर निवासी देवेंद्र कुमार की भी डीएनए रिपोर्ट से शिनाख्त हो गई है। इनकी रिपोर्ट बुधवार शाम को आई है। बृहस्पतिवार को पुलिस उनके परिजन को बुलाकर शव सौंपेगी। अब तक 12 लोगों की पहचान हो गई है। बाकी की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद प्रशासन ने 15 शवों की शिनाख्त के लिए दावा करने वाले परिजन के सैंपल लेकर डीएनए कराया था। इसमें 10 शवों की डीएनए रिपोर्ट सोमवार को आ गई थी। पुलिस ने मंगलवार को सात शवों के अवशेष परिजन को सौंपे दिए थे। अयोध्या के दीकापुर निवासी प्रदीप, आंबेडकर नगर के गोहना-अकबरपुर निवासी अमित भार्गव और बांदा के थाना जसपुरा के गांव रैपुरा निवासी ऋषभ विश्वकर्मा के परिजन बुधवार को मथुरा पहुंचे। पुलिस ने डीएनए रिपोर्ट के आधार पर मिलान करके तीनों के परिजन को शव सौंप दिए हैं। प्रदीप और अमित के परिजन शव लेकर रवाना हो गए, जबकि ऋषभ का अंतिम संस्कार परिजन ने यहीं यमुना किनारे श्मशान घाट पर कर दिया।
सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि बुधवार शाम को फतेहपुर के चांदपुर निवासी नरेंद्र (45) और हमीरपुर के गोहांड निवासी देवेंद्र कुमार (21) की भी पहचान हो गई है। इनके परिजन के आने पर शव सौंप दिए जाएंगे।
इनकी शिनाख्त बाकी
पार्वती (57) निवासी ग्रेटर नोएडा, सेक्टर 87, नोएडा।
जय प्रकाश वर्मा (75), निवासी 117/पी/284 तुलसी नगर, नवीन नगर, कानपुर
भोलू शब्बीर (26), निवासी धनरोरा रोड, कस्बा बाड़ी, धौलपुर, राजस्थान
ऋतिक यादव (26), निवासी सुदर्शन पार्क, रमेश नगर, वेस्ट दिल्ली।