यमद्वितीया पर्व 1 नवंबर को है। पर्व के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेला क्षेत्र को 11 सेक्टरों में बांटा गया है। मेला की पूर्व संध्या पर ही अफसर और पुलिस ने व्यवस्थाएं संभाल ली हैं। सेक्टरों की कमान मजिस्ट्रेटों के हाथ में रही, वहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद हो गए हैं। मेला परिसर के आसपास 20 बैरियर लगाए गए हैं।
यम फांस से मुक्ति के लिए भाई-बहनों का एकसाथ यमुना में स्न्नान करने के पर्व यम द्वितीया पर सोमवार की रात से भीड़ आने लगी है। सड़कों पर भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने पूरे इंतजाम किए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस एवं पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को रास्ता भी बता रहे हैं।
एसएसपी मोहित गुप्ता, एसपी (सिटी) अशोक कुमार सिंह, सीओ (सिटी) जगदीश सिंह समेत पुलिस के अफसर व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। सीओ (सिटी) ने बताया कि यमुना में स्नान के दौरान 50 नावों और एक मोटरबोट में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे।
करीब 50 पुलिस के जवान और गोताखोरों की टीम भी घाटों पर रहेगी। यह सभी जवान लाइफ जैकेट के साथ होंगे। मेला की व्यवस्था के लिए 15 इंस्पेक्टर, 35 एसआई, 60 एचसीपी, 150 सिपाही, 30 महिला सिपाही, 50 होमगार्ड के अलावा चार प्लाटून पीएसी तैनात की जा रही है।
जीआइसी में होंगे वाहन पार्क
यमद्वितीया पर्व पर कुछ स्थानों पर वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं के वाहन जीआईसी स्कूल में पार्क हो सकेंगे। सीओ (सिटी) जगदीश सिंह ने बताया कि वाहनों पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है। वाहन पार्किंग में ही खड़े हो सकेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए 15 यातायात पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे।
यहां से वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
-होलीगेट से विश्रामघाट
-चौक बाजार से विश्रामघाट
-जनरलगंज से विश्रामघाट
-कृष्णापुरी से विश्रामघाट
-स्वामीघाट से विश्रामघाट
-डोरी बाजार से विश्रामघाट
गहरे जल से बचाने के लिए बैरिकेडिंग
नगर पालिका ने श्रद्धालुओं को यमुना के गहरे पानी में जाने से बचाने के लिए बैरिकेडिंग की है। यमुना के सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था की गई है। चार स्थान विश्रामघाट, स्वामीघाट, यमुना पार और बंगालीघाट पर खोया-पाया शिविर, आठ स्थानों पर कपडे़ बदलने के कैंप लगाए गए हैं। चिकित्सकीय टीम की भी व्यवस्था की गई है। पालिकाध्यक्ष मनीषा गुप्ता और हिंदूवादी नेता गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने व्यवस्थाओं का सोमवार को जायजा भी लिया।