मथुरा। गुलाबी सर्दी की शुरुआत के साथ ही शहर में कई स्थानों पर उन्हीं कपड़ों के बाजार सज गए हैं। सौंख अड्डा, पुराना बस स्टैंड पर लगे बाजारों में तरह-तरह के ऊनी कपड़े मौजूद हैं, लेकिन अभी बाजार में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं।
नवंबर के पहले सप्ताह तक दिन में धूप है और रात को गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। सौंख अड्डे पर सजे तिब्बती बाजार में 50 से अधिक दुकानें लगाई गई हैं। तिब्बती दुकानदारों ने बताया कि वह हर साल मार्केट लगाते हैं। इस बार भी कोट, जैकेट, मफलर, स्वेटर, वूलन लेडीज वियर, बच्चों के गारमेंट की लंबी रेंज है। फैशन के मुताबिक इस बार कई नए डिजाइनर जैकेट उपलब्ध हैं। महिला विक्रेता नौरीन बताती हैं कि इस बार अभी तक बहुत ज्यादा दुकानदारी नहीं है, लेकिन सर्दी बढ़ने के साथ ही रौनक आएगी।
अब शाम को ही ज्यादा लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। पुराने बस अड्डे पर लगे बाजार में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। यहां शादी के लिए कोट देखने आए महौली रोड के सचिन ने बताया कि इस बार वैरायटी तो है मगर कीमत ज्यादा हैं। वह हर साल इस बाजार से ऊनी कपड़े खरीदते हैं। इसके अलावा चौक बाजार, वृंदावन रोड और लक्ष्मीनगर में भी कई गरम कपड़ों के बाजार सजधज कर तैयार हैं।