मथुरा। निजी अस्पताल में प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस के अनुसार, बीएसए कॉलेज क्षेत्र स्थित जमुना बिहार कॉलोनी निवासी ऋषि कुमार की पत्नी लक्ष्मी (20) ने 27 अगस्त को दिल्ली में घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था। दूसरे दिन महिला की तबीयत बिगड़ गई। मायके पक्ष ने महिला को उसके पति के साथ मथुरा भेज दिया। परिजन ने महिला को उपचार के लिए मंडी चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां सोमवार देर रात महिला की मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद