थाना बलदेव के गांव गढ़सौली में बेटी पैदा होने के बाद विवाहिता की हालत बिगड़ गई। जयपुर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
वृंदावन कोतवाली के गांव कोटा छरौरा निवासी रमेश चंद्र शर्मा ने अपनी बेटी सुमन की शादी 14 फरवरी 2014 को थाना बलदेव के गांव गढ़सौली निवासी अंकुर शर्मा पुत्र पप्पू उर्फ ओमप्रकाश के साथ की थी। दो जून को सुमन के बेटी पैदा हुई थी। इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ गई।
परिवारीजन उसे जयपुर के एक अस्पताल में ले गए, वहां रविवार को सुमन की मौत हो गई। परिवारीजन शव गढ़सौली ले आए और माइके पक्ष के लोगों को सूचना दी। सूचना पर माइका पक्ष के लोग पहुंच गए और दहेज हत्या का आरोप लगाया।
रमेश चंद्र ने पप्पू उर्फ ओमप्रकाश, उर्मिला, अतुल कुमार, मंजू सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ससुरालियों पर दहेज में स्कॉर्पियो मांगने का आरोप है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।