मथुरा/फरह। फरह पुलिस ने तस्करी की शराब का जखीरा पकड़ा है। फर्जी नंबर प्लेट ट्रक पर लगाकर तीन तस्कर शराब की 250 पेटियां हरियाणा से आगरा ले जा रहे थे। बरामद शराब की कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
फरह पुलिस को मंगलवार की देररात सूचना मिली कि हरियाणा से तस्करी करके शराब आगरा ले जाई जा रही है। ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तीन तस्कर इसे ले जा रहे हैं। फरह पुलिस ने टोल पर चेकिंग अभियान चलाकर ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी में 250 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने तीन तस्करों को भी पकड़ लिया।
सीओ रिफाइनरी जगवीर सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने विकास पुत्र जय भगवान निवासी आजाद नगर (हिसार), पंकज पुत्र परमानंद निवासी सिरकनपुर, आजादनगर (हिसार) और मुकेश पुत्र खेमाराम निवासी आजादनगर, (हिसार) को पकड़ा है। 250 पेटी शराब की मिली हैं।